ऊना, राकेश(TSN)- ऊना जिले के हरोली उपमंडल में आज राज्य स्तरीय जल जागरूकता समारोह का आयोजन किया जा रहा है. इसमें उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने मुख्य रूप से शिरकत की है.जल संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जन जागरूकता बढ़ाने को समर्पित यह आयोजन हरोली उपमंडल के कांगड़ मैदान में हो रहा है.
राज्य स्तरीय जल जागरूकता समारोह के दौरान उपमुख्यमंत्री जल शक्ति विभाग के वार्षिक कैलेंडर का विमोचन भी करेंगे। समारोह में प्रदेश में बीते साल आई भयंकर प्राकृतिक आपदा के दौरान जल शक्ति विभाग के कार्यों पर आधारित एक विशेष डॉक्यूमेंट्री भी प्रस्तुत की जाएगी।इस अवसर पर आपदा के दौरान अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए जीवन न्योछावर करने वाले दो अधिकारियों-कर्मचारियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिजनों को सम्मान सौंपा जाएगा। इसके अलावा उपमुख्यमंत्री प्रदेशभर में उत्कृष्ट कार्य करने वाले जल शक्ति विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को जल शक्ति सम्मान प्रमाण पत्र प्रदान करेंगे।
