Shimla,Sanju(TSN)-भारत-पाकिस्तान के बीच जारी तनाव के बीच हिमाचल प्रदेश सरकार ने चीन सीमा से सटे किन्नौर जिले को लेकर स्थिति को पूरी तरह सामान्य बताया है।राज्य के राजस्व मंत्री और किन्नौर विधायक जगत सिंह नेगी ने कहा कि वर्ष 1962 के युद्ध के बाद से अब तक इस इलाके में कोई बड़ी या गंभीर घटना नहीं हुई है।उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी यह शांति बनी रहेगी।
मंत्री नेगी ने यह भी कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में भले ही मौजूदा स्थिति शांतिपूर्ण हो,पर सतर्कता में कोई कमी नहीं बरती जा रही।वर्तमान में सीमा पर अर्धसैनिक बलों और सेना की तैनाती है और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया गया है।
चीन से सटे किन्नौर क्षेत्र में हालात सामान्य
“चीन से सटे किन्नौर क्षेत्र में हालात सामान्य हैं,लेकिन संवेदनशीलता को देखते हुए सुरक्षा सतर्कता अत्यंत आवश्यक है।इसके साथ ही राजस्व मंत्री ने हिमाचल प्रदेश कैबिनेट उप-समिति की बैठक की अध्यक्षता भी की।इस बैठक में 13 जनवरी 2023 से 31 दिसंबर 2024 के बीच लिए गए कुल 831 कैबिनेट फैसलों की समीक्षा की गई।मंत्री ने बताया कि इनमें से ज़्यादातर फैसलों को लागू किया जा चुका है और शेष 42 निर्णयों के शीघ्र क्रियान्वयन पर चर्चा हुई।
