Shimla,Sanju(TSN)-भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच हिमाचल प्रदेश में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उच्च स्तरीय आपात बैठक बुलाई, जिसमें सभी जिलों के उपायुक्तों,पुलिस अधीक्षकों और प्रमुख विभागों के अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री ने दिए एहतियातन कदम उठाने के निर्देश
सीएम सुक्खू ने जानकारी दी कि पठानकोट में हुए ड्रोन हमले को देखते हुए हिमाचल के सीमावर्ती क्षेत्रों—नूरपुर और इंदौरा—में विशेष सतर्कता बरती जा रही है।जरूरत पड़ने पर ब्लैकआउट जैसे सुरक्षात्मक उपाय लागू करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए हैं।
आपात सेवाएं रहेंगी 24 घंटे सक्रिय
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि मुख्यमंत्री कार्यालय,मुख्य सचिव कार्यालय,गृह विभाग,आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और सामान्य प्रशासन विभाग जैसे सभी जरूरी कार्यालय 24 घंटे खुले रहेंगे।इसके अलावा,सभी जिलों में पुलिस,स्वास्थ्य और अन्य आपात सेवाओं से जुड़े कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं ताकि किसी भी स्थिति से त्वरित रूप से निपटा जा सके।
जनता से अपील– सतर्क रहें,घबराएं नहीं
सीएम सुक्खू ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन पर भरोसा बनाए रखें।उन्होंने स्पष्ट किया कि हिमाचल में फिलहाल कोई सीधा खतरा नहीं है,लेकिन एहतियातन सतर्कता बरतना जरूरी है।
