Shimla,Sanju(TSN)-हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस संगठनात्मक बदलाव की चर्चाओं के बीच लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने बड़ा बयान दिया है।उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ऐसा व्यक्ति होना चाहिए जिसकी कई जिलों में प्रभावी पकड़ हो और जो संगठन को मजबूती दे सके. विक्रमादित्य ने चेतावनी दी कि प्रदेश अध्यक्ष का पद किसी “रबर स्टैंप” नेता को देना कांग्रेस के हित में नहीं होगा।
संगठन को चाहिए दमदार नेतृत्व
उन्होंने कहा कि संगठनात्मक पुनर्गठन का अंतिम निर्णय केंद्रीय नेतृत्व को लेना है,लेकिन राज्य में जल्द यह प्रक्रिया पूरी होनी चाहिए।सिंह ने यह भी कहा कि कांग्रेस को सत्ता में लाने में सभी वरिष्ठ नेताओं का योगदान रहा है और नए अध्यक्ष के चयन में इस पहलू का ध्यान रखा जाना चाहिए।
संगठनात्मक शक्ति के साथ विकास भी प्राथमिकता में विक्रमादित्य सिंह ने सड़कों के निर्माण को लेकर भी स्पष्ट रुख दिखाया।उन्होंने कहा कि राज्य में सड़क अपग्रेडेशन का काम तेजी से हो रहा है और डिविजन स्तर पर समयसीमा तय कर दी गई है।काम में अनावश्यक देरी पर ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट और अधिकारियों को चार्जशीट किया जाएगा। सिंह ने दावा किया कि वह स्वयं प्रगति की निगरानी कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि PMGSY के चौथे चरण के तहत हिमाचल देश में डीपीआर अपलोड करने में सबसे आगे है, लेकिन सड़क निर्माण की सबसे बड़ी बाधा भूमि अधिग्रहण है। इस चुनौती से निपटने के लिए पंचायती राज विभाग के साथ समन्वय और केंद्र से विशेष राज्य का दर्जा देने की मांग की जाएगी।
तुर्की कंपनियों को लेकर सख्त रुख
फोरलेन प्रोजेक्ट में तुर्की की कंपनियों की भागीदारी पर उठते सवालों के बीच मंत्री ने साफ कहा कि प्रदेश में भी इन कंपनियों की भूमिका की समीक्षा की जाएगी।उन्होंने कहा कि तुर्की का खुलेआम बहिष्कार होना चाहिए क्योंकि वह पाकिस्तान का समर्थन कर रहा है,जो देश की आंतरिक सुरक्षा के लिए खतरा है।
