धर्मशाला,राहुल-:सेरा थाना क्षेत्र की बीट नरवाना में संरक्षित वन्यजीव इंडियन मॉनिटर लिज़र्ड के शिकार का मामला सामने आने के बाद वन विभाग ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।मामले की सूचना मिलते ही विभाग की टीम मौके पर पहुंची,लेकिन संदिग्ध शिकारी वहां से फरार हो चुका था।फिलहाल विभाग आरोपी की तलाश में जुटा है और उस पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
डीएफओ धर्मशाला अमित शर्मा ने बताया कि जांच के दौरान विभाग ने आरोपी की पहचान कर उसके घर की तलाशी ली।तलाशी के दौरान वहां से इंडियन मॉनिटर लिज़र्ड का मांस बरामद किया गया,जिसके आधार पर कानूनी कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज की गई है।उन्होंने बताया कि इंडियन मॉनिटर लिज़र्ड को भारतीय वन्यजीव संरक्षण अधिनियम,1972 (संशोधन 2022) के तहत शेड्यूल-1 में शामिल किया गया है। यह श्रेणी वन्यजीवों को मिलने वाली सर्वोच्च कानूनी सुरक्षा प्रदान करती है। इसी कारण वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की धारा 9 और धारा 51 के तहत मामला दर्ज किया गया है।वन विभाग के अनुसार इस अपराध में दोषी पाए जाने पर तीन से सात वर्ष तक की सजा का प्रावधान है। मामले से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है,जिसमें एक व्यक्ति मृत मॉनिटर लिज़र्ड को हाथ में पकड़े दिखाई दे रहा है।विभाग वीडियो की भी जांच कर रहा है।आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
