जालंधर | भगत कबीर जी का प्रकाश पर्व 11 जून को श्रद्धा और धूमधाम से मनाया जाएगा। इस उपलक्ष्य में शहर में दो दिनों – 10 और 11 जून को मांस, अंडे और शराब की बिक्री पर प्रतिबंध लगाया गया है। यह फैसला धार्मिक भावनाओं का सम्मान बनाए रखने और कानून-व्यवस्था की स्थिति को सुचारू रखने के उद्देश्य से लिया गया है।
एडिशनल जिला मैजिस्ट्रेट द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि 10 जून को शोभायात्रा के शुरुआती मार्ग और मंदिर क्षेत्र के आसपास तथा 11 जून को शोभायात्रा के पूरे रूट पर सभी मांस, अंडे और शराब की दुकानों को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि आदेश की अवहेलना करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने व्यापारियों और आम नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए पर्व को शांतिपूर्ण और श्रद्धा भाव से मनाने का आग्रह किया है।
