मोहाली | पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने राज्य में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए ‘फास्ट ट्रैक पंजाब’ पोर्टल का शुभारंभ किया। इस डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए अब उद्यमियों को केवल 45 दिनों में उद्योग लगाने की मंजूरी मिल सकेगी।
मुख्यमंत्री मान ने कहा कि यह कदम राज्य में उद्योग लगाने की प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाएगा। उन्होंने भरोसा जताया कि इससे राज्य में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और युवाओं को स्थानीय स्तर पर काम मिलेगा, जिससे नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से भी लड़ने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कारोबारियों से इस पोर्टल का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की और कहा कि पंजाब सरकार का लक्ष्य राज्य को औद्योगिक क्षेत्र में अग्रणी बनाना है। उन्होंने बताया कि राज्य में स्किल डेवलपमेंट पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है, जिससे उद्योगों को स्थानीय रूप से कुशल श्रमिक मिल सकें।
मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार व्यापारियों और निवेशकों के साथ हर कदम पर खड़ी है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकारों ने हर वर्ग को निराश किया, लेकिन अब पंजाब में ईमानदार नीयत से काम हो रहा है।
