अहमदाबाद | अहमदाबाद एयरपोर्ट से उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों बाद हुए एयर इंडिया विमान हादसे ने पूरे देश को गम और सदमे में डाल दिया है। इस दर्दनाक दुर्घटना में 265 लोगों की मौत के बाद जांच अब नए मोड़ पर पहुंच गई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए इसकी जांच अब गुजरात आतंकवाद निरोधी दस्ते (ATS) को सौंपी गई है।
ब्लैक बॉक्स और DVR ATS के कब्जे में
सूत्रों के मुताबिक, जांच एजेंसियों ने क्रैश साइट से विमान का ब्लैक बॉक्स और कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर (DVR) बरामद कर लिया है। ATS की टीम ने DVR को कब्जे में लेकर समानांतर जांच शुरू कर दी है। एजेंसियों को आशंका है कि यह हादसा केवल तकनीकी खराबी नहीं, बल्कि इसके पीछे कोई बड़ी साजिश या मानवीय चूक भी हो सकती है।
सभी पहलुओं की गहराई से जांच
ATS की टीम अब हादसे से जुड़े हर संभावित पहलू को खंगाल रही है — क्या यह कोई साजिश थी, पायलट की लापरवाही, या फिर कोई बाहरी हस्तक्षेप? घटनास्थल से फॉरेंसिक टीम ने आवश्यक नमूने भी एकत्र किए हैं, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
ब्लैक बॉक्स से मिल सकते हैं अहम सुराग
जांच अधिकारी उम्मीद कर रहे हैं कि ब्लैक बॉक्स और DVR में दर्ज डेटा से यह स्पष्ट हो सकेगा कि हादसे से ठीक पहले विमान में क्या हो रहा था। पायलट्स के बीच हुई बातचीत, सिस्टम अलर्ट और आखिरी मिनटों की गतिविधियां इस जांच में निर्णायक साबित हो सकती हैं।
देश कर रहा है जवाब का इंतज़ार
पूरा देश इस भीषण हादसे की असली वजह जानने को बेचैन है। तकनीकी विशेषज्ञों और सुरक्षा एजेंसियों की संयुक्त जांच से जल्द ही इस दुर्घटना की परतें खुलने की उम्मीद की जा रही है।
