Chandigarh,5 November-:पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने हरियाणा में कथित वोटिंग गड़बड़ी को लेकर चुनाव आयोग पर गंभीर सवाल उठाए।उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, सह-प्रभारी जितेंद्र बघेल और पूर्व अध्यक्ष चौधरी उदयभान के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि “हरियाणा में वोट चोरी के ज़रिए सरकार बनाई गई है, यह लोकतंत्र की खुली लूट है।”
हुड्डा ने कहा कि चुनाव आयोग को कांग्रेस नेता राहुल गांधी के सवालों का जवाब देना चाहिए,जिन्होंने सबूतों के साथ वोट हेराफेरी का खुलासा किया है।उन्होंने आरोप लगाया कि आयोग की निष्पक्षता अब सवालों के घेरे में है।हुड्डा ने कहा,“चुनाव आयोग ने पहले 61.19 प्रतिशत मतदान बताया,फिर अगले दिन 65.65 प्रतिशत और बाद में 67.9 प्रतिशत।आखिर रातों-रात वोट कैसे बढ़ गए? हर विधानसभा में औसतन 15,000 से अधिक वोट बढ़ाकर दिखाए गए।”
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि राहुल गांधी के खुलासे से यह स्पष्ट हो गया है कि “हरियाणा में करीब 25 लाख फर्जी वोट डाले गए — यानी हर आठ में से एक वोट फर्जी था।” उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस “सरकार चोरी” के खिलाफ हर जिले में जोरदार आंदोलन करेगी।राव ने आगे कहा, “पोस्टल बैलेट में कांग्रेस आगे थी, लेकिन ईवीएम गिनती में तस्वीर बदल गई। कुल अंतर केवल 22,779 वोटों का था। यह जनता के जनादेश का अपमान है।”
राहुल गांधी ने अपने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दावा किया था कि हरियाणा में 1,24,000 से अधिक फर्जी तस्वीरों वाले वोटर पाए गए। कुछ मामलों में एक ही व्यक्ति की फोटो से सैकड़ों वोट बनाए गए और कई मतदाता हरियाणा व उत्तर प्रदेश दोनों जगह दर्ज हैं।कांग्रेस ने इसे लोकतंत्र और संविधान के खिलाफ “जनादेश की चोरी” बताते हुए आंदोलन का ऐलान किया है।
