Ambala,4 November-:हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि अम्बाला छावनी और शहर के बीच आमजन की आवाजाही को देखते हुए लोकल/शहरी बस सेवा को और अधिक सुदृढ़ किया जा रहा है,जिससे लोगों को आरामदायक सफर मिल सके।
अनिल विज ने बताया कि अम्बाला छावनी में पाँच नई इलेक्ट्रिक एसी बसें लोकल बस सेवा में शामिल की गई हैं। उन्होंने कहा,“कई वर्षों तक अम्बाला में लोकल बस सेवा बंद थी,जिसे मेरे परिवहन मंत्री बनने के बाद पुनः शुरू किया गया। वर्तमान में लगभग 25 बसें प्रतिदिन कई चक्कर लगाकर अम्बाला शहर,छावनी और आसपास के ग्रामीण इलाकों को जोड़ रही हैं।इनमें अधिकतर इलेक्ट्रिक एसी बसें हैं, जबकि कुछ छोटी बसें तंग गलियों और छोटे क्षेत्रों में भी सेवा दे रही हैं।”
स्ट्रॉम वॉटर ड्रेनेज सिस्टम का विस्तार
विज ने आगे बताया कि सदर क्षेत्र में स्ट्रॉम वॉटर ड्रेनेज सिस्टम के सफल क्रियान्वयन के बाद अब पूरे अम्बाला छावनी क्षेत्र में भी यह सिस्टम लगाया जाएगा। उन्होंने कहा, “सदर क्षेत्र में पाइपलाइन बिछाने के बाद बरसात के दौरान पानी निकासी में बड़ी राहत मिली है। अब पूरे अम्बाला छावनी में इसी तरह का सिस्टम तैयार किया जाएगा।”उन्होंने बताया कि 57.42 करोड़ रुपये की राशि इस परियोजना के लिए स्वीकृत की गई है और डिफेंस कॉलोनी तक ड्रेनेज सिस्टम बिछाया जाएगा। प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी है, अब टेंडर प्रक्रिया शीघ्र शुरू होगी, जिसके बाद कार्य आरंभ कर दिया जाएगा।
