गुरुग्राम, 15 अप्रैल-:हरियाणा में फायर विभाग के कर्मचारी अपनी लंबित मांगों को लेकर अब अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए हैं। कर्मचारियों का कहना है कि कई बार सरकार और विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठकें हो चुकी हैं, लेकिन हर बार बातचीत बेनतीजा रही। इसके चलते उन्होंने अब सख्त रुख अपनाते हुए अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है।
धरने के समर्थन में कांग्रेस के पूर्व सांसद और फिल्म अभिनेता राज बब्बर भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने फायर कर्मियों की समस्याएं सुनीं और सरकार तक उनकी आवाज़ पहुंचाने का भरोसा दिलाया।राज बब्बर ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि फायर कर्मियों के लिए मेडिकल इंश्योरेंस अनिवार्य किया जाना चाहिए। साथ ही ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले कर्मियों के परिवारों को उचित मुआवजा और सरकारी नौकरी दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि जो कर्मचारी अपनी जान जोखिम में डालकर लोगों की जान बचाते हैं, उनके हितों की अनदेखी नहीं होनी चाहिए।हाल ही में फरीदाबाद में आग बुझाने के दौरान दो फायर कर्मियों की जलने से मौत हो गई थी। इस घटना के बाद से पूरे हरियाणा में फायर कर्मियों में रोष है।कर्मचारियों की मांग है कि दोनों मृतक कर्मियों के परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए।फायर कर्मियों का कहना है कि इस मुद्दे पर कई बार सरकार से बातचीत हुई, लेकिन कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया।इसी कारण अब उन्होंने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है।फायर कर्मियों की इस हड़ताल ने अब सियासी रंग लेना शुरू कर दिया है। कांग्रेस नेता राज बब्बर के समर्थन के बाद यह मुद्दा राजनीतिक बहस का केंद्र बन गया है।संभावना जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में अन्य राजनीतिक दल भी धरने में शामिल हो सकते हैं। फिलहाल फायर कर्मी अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं, जबकि सरकार की ओर से अभी तक कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला है।अब देखने वाली बात यह होगी कि इस टकराव में फायर कर्मियों की मांगें पूरी होती हैं या सरकार अपने रुख पर कायम रहती है।
