मोहाली: पंजाब के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री संजीव अरोड़ा ने बुधवार को मोहाली स्थित लिवासा अस्पताल में एडवांस्ड रेडिएशन ऑन्कोलॉजी सेंटर का उद्घाटन किया। इस केंद्र में आधुनिक रेडिएशन तकनीकों के माध्यम से कैंसर मरीजों को सटीक, प्रभावी और मरीज-केंद्रित उपचार प्रदान करने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
उद्घाटन समारोह के दौरान संजीव अरोड़ा ने कहा कि यह केंद्र पंजाब में कैंसर उपचार सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम है। उन्होंने कहा कि समय पर और उन्नत तकनीक के साथ उपचार मिलने से मरीजों की जान बचाने में बड़ा अंतर आ सकता है।लिवासा हॉस्पिटल्स के सीईओ अनुराग यादव ने बताया कि इस सेंटर का उद्देश्य विश्वस्तरीय कैंसर देखभाल को स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराना है, ताकि मरीजों को दूर जाने की आवश्यकता न पड़े।इस केंद्र में ऑन्कोलॉजी विशेषज्ञों की एक मल्टी-डिसिप्लिनरी टीम कार्य करेगी, जो ट्यूमर बोर्ड के माध्यम से हर मरीज के केस की संयुक्त समीक्षा कर व्यक्तिगत उपचार योजना तैयार करेगी। टीम में मेडिकल, रेडिएशन और सर्जिकल ऑन्कोलॉजी के अनुभवी डॉक्टर शामिल हैं, जो समन्वित तरीके से इलाज सुनिश्चित करेंगे।
