मंडी-:मंडी जिले के सुंदरनगर क्षेत्र में लंबे समय से चल रही पेयजल समस्या के समाधान की दिशा में बड़ी पहल की गई है। जरोल-कांगू बहु-ग्राम पेयजल योजना का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और फिलहाल इसे ट्रायल आधार पर चलाया जा रहा है।
सुंदरनगर विधानसभा क्षेत्र के जरोल-कांगू इलाके में जल शक्ति विभाग द्वारा तैयार की गई बहु-ग्राम पेयजल योजना अब अंतिम चरण में है। करीब 31.79 करोड़ रुपये की लागत से बनी इस परियोजना के तहत 20 गांवों और 80 बस्तियों को जोड़ा गया है, जिससे लगभग 15 हजार लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।योजना में 19 भंडारण टैंक और लगभग 129 किलोमीटर लंबा पाइपलाइन नेटवर्क तैयार किया गया है। वर्तमान में कुछ क्षेत्रों में ट्रायल सफल रहा है और चरणबद्ध तरीके से नियमित जलापूर्ति शुरू की जा रही है।इस परियोजना की खास बात यह है कि इसमें जल स्रोत के रूप में बीबीएमबी नहर को शामिल किया गया है, जिससे पूरे वर्ष पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा चांदपुर में आधुनिक जल शोधन संयंत्र स्थापित किया गया है, जिसमें उन्नत तकनीकों के जरिए पानी को शुद्ध किया जाएगा।
अधिकारियों के अनुसार, योजना के पूर्ण रूप से लागू होने के बाद न केवल पेयजल संकट का समाधान होगा, बल्कि क्षेत्र के लोगों के स्वास्थ्य और जीवन स्तर में भी सुधार देखने को मिलेगा।जल शक्ति विभाग द्वारा जिले में इस तरह की अन्य परियोजनाओं पर भी काम किया जा रहा है, जिससे आने वाले समय में ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को और मजबूत किया जा सकेगा।
