गुरुग्राम-:गुरुग्राम साइबर पुलिस ने ऑनलाइन गेमिंग और साइबर ठगी से जुड़े एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ किया है। एसीपी साइबर क्राइम गौरव फौगाट के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 28 मई 2026 को सेक्टर-37D स्थित सिग्नेचर ग्लोबल सोसायटी में छापेमारी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आदित्य निवासी चरखी दादरी, कपिल निवासी महेंद्रगढ़, सन्नी चाहर निवासी आगरा और सूरज राजपूत निवासी मथुरा के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी एक ऑनलाइन गेमिंग पैनल के जरिए लोगों को गेमिंग और सट्टेबाजी के नाम पर जोड़ते थे। सोशल मीडिया विज्ञापनों के माध्यम से यूजर्स को प्लेटफॉर्म तक पहुंचाया जाता था।खिलाड़ियों से QR कोड के जरिए भुगतान लिया जाता और बदले में उनकी गेमिंग आईडी में पॉइंट्स ट्रांसफर किए जाते थे।जांच में सामने आया कि आरोपी लेन-देन पर कमीशन प्राप्त करते थे।बैंक खातों की किट, सिम कार्ड और QR कोड व्हाट्सएप के जरिए उपलब्ध कराए जाते थे।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 14 मोबाइल फोन, 2 लैपटॉप, 15 एटीएम कार्ड, 12 सिम कार्ड, कई बैंक खातों से जुड़े दस्तावेज, 7 पेमेंट डिवाइस और वाई-फाई राउटर बरामद किए हैं।सभी आरोपियों के खिलाफ साइबर थाना दक्षिण में संबंधित धाराओं और हरियाणा प्रिवेंशन ऑफ गैम्बलिंग एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और कथित मास्टरमाइंड की तलाश कर रही है। गुरुग्राम पुलिस का कहना है कि साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
