धर्मशाला,राहुल-:धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा बुधवार को विजिलेंस कार्यालय में पूछताछ के लिए पेश हुए। करीब दोपहर एक बजे विजिलेंस कार्यालय पहुंचे सुधीर शर्मा ने बताया कि जांच के सिलसिले में उनसे लंबी प्रश्नावली के माध्यम से करीब 40 से 50 सवाल पूछे गए। उन्होंने कहा कि सभी सवालों के जवाब उन्होंने दिए हैं और जांच से संबंधित आवश्यक जानकारी भी उपलब्ध करवाई गई है।सुधीर शर्मा ने बताया कि विजिलेंस की जांच का दायरा वर्ष 2013 से 2023 तक का है। इस दौरान उनसे परिवार सहित विभिन्न पहलुओं से जुड़ी जानकारी मांगी गई। उन्होंने कहा कि यदि जांच एजेंसी को आगे किसी दस्तावेज या अतिरिक्त जानकारी की आवश्यकता होगी, तो वह दोबारा पेश होकर पूरा सहयोग करेंगे।
विधायक ने अपने खिलाफ हुई कार्रवाई को राजनीतिक षड्यंत्र करार देते हुए कहा कि उनके राजनीतिक जीवन में यह पहली एफआईआर है। उन्होंने कहा कि वह चाहते हैं कि जांच पूरी होने के बाद पूरे मामले की सच्चाई प्रदेश की जनता के सामने आए।अपने आवास की लागत को लेकर कैबिनेट मंत्री यादवेंद्र गोमा द्वारा दिए गए बयान पर सुधीर शर्मा ने कहा कि उनके घर की लागत, निर्माण और धन के स्रोत को लेकर ही जांच की जा रही है।उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका आवास सरकारी धन से नहीं बनाया गया है।पूर्व मेयर देवेंद्र जग्गी की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए सुधीर शर्मा ने कहा कि उन्हें जग्गी के साथ सहानुभूति है।उन्होंने आरोप लगाया कि जग्गी राजनीतिक रूप से मुख्यमंत्री के करीबी होने के कारण काम कर रहे हैं।इसी दौरान उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “जितनी चाबी ऊपर से भरी जाती है,उतना ही खिलौना चलता है।”सुधीर शर्मा ने दोहराया कि विजिलेंस जब भी उन्हें दोबारा पूछताछ के लिए बुलाएगी, वह जांच में शामिल होंगे और आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध करवाकर सहयोग करेंगे।
