शिमला:हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) के समरहिल परिसर में लगातार दो दिनों में सामने आए दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने कुल नौ युवकों को गिरफ्तार किया है।पहला मामला विधि विभाग के बाहर एक छात्र के साथ मारपीट, रास्ता रोकने और धमकी देने से जुड़ा है,जबकि दूसरे मामले में कानून-व्यवस्था ड्यूटी के दौरान पुलिस के काम में कथित रूप से बाधा डालने के आरोप में सात युवकों को हिरासत में लिया गया।पुलिस के मुताबिक, 22 सितंबर को विधि विभाग के बाहर एक छात्र के साथ मारपीट की शिकायत पर पुलिस थाना वेस्ट शिमला में मामला दर्ज किया गया था।
शिकायत में कुछ युवकों पर रास्ता रोकने,मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए गए थे।जांच के बाद पुलिस ने अखिल कुमार (21),निवासी चंबा और आदित्या (23),निवासी सिरमौर को गिरफ्तार किया।मामले में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।वहीं, 23 सितंबर को विश्वविद्यालय परिसर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के दौरान पुलिस को कथित तौर पर कुछ युवकों के विरोध और व्यवधान का सामना करना पड़ा।स्थिति संभालने के लिए क्यूआरटी की मदद ली गई और सात युवकों को पुलिस थाना बालूगंज ले जाया गया।पुलिस ने बीएनएसएस की धारा 126/170 के प्रावधानों के तहत कमलेश,प्रवेश, मुकेश, चमन, आशीष, किशोर कुमार और हैप्पी को गिरफ्तार किया।पुलिस के अनुसार, सभी का मेडिकल परीक्षण करवाने के बाद उन्हें नियमानुसार हिरासत में रखा गया है और सक्षम प्राधिकारी के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया जारी है।
