कांगड़ा,राहुल चावला-:कांगड़ा रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को कांगड़ा घाटी रेल सेवा की पुनर्बहाली के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर लोकसभा सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार हिमाचल प्रदेश में रेल नेटवर्क के विस्तार और आधुनिकीकरण को प्राथमिकता दे रही है।उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए राज्य की विभिन्न रेल परियोजनाओं के लिए 2911 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है, जिससे प्रदेश में रेल अवसंरचना को नई गति मिलेगी।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में हिमाचल प्रदेश में रेलवे से जुड़े विकास कार्यों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने बताया कि रेल लाइनों के विस्तार, विद्युतीकरण और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है ताकि प्रदेश के दूरदराज क्षेत्रों को बेहतर रेल संपर्क उपलब्ध कराया जा सके।
अनुराग ठाकुर ने जानकारी दी कि सांसद डॉ राजीव भारद्वाज के साथ मिलकर पठानकोट-जोगिंदरनगर रेल मार्ग को ब्रॉडगेज में बदलने की मांग केंद्र सरकार के समक्ष रखी गई थी। इस महत्वाकांक्षी परियोजना का सर्वेक्षण कार्य पूरा हो चुका है और अब इसके लिए बजट स्वीकृति की प्रक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।उन्होंने उम्मीद जताई कि मंजूरी मिलने के बाद इस परियोजना से क्षेत्र में परिवहन सुविधाएं और अधिक मजबूत होंगी।सांसद ने कहा कि भानुपल्ली-बिलासपुर रेल लाइन परियोजना पर अब तक लगभग 6798 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं।निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है और संभावना है कि अगले वर्ष के अंत तक रेल लाइन बिलासपुर तक पहुंच जाएगी। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने से प्रदेश के विकास को नई दिशा मिलेगी तथा लोगों को बेहतर यातायात सुविधाएं उपलब्ध होंगी।इस अवसर पर अनुराग ठाकुर ने पठानकोट-जोगिंदरनगर रेल सेवा की बहाली को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि भारी वर्षा के कारण ट्रैक और पुल को हुए नुकसान के चलते यह रेल सेवा बंद करनी पड़ी थी। रेलवे विभाग, स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से मरम्मत कार्य पूरा किया गया, जिसके बाद अब रेल सेवा पुनः शुरू हो गई है। उन्होंने रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस सेवा के दोबारा शुरू होने से हजारों यात्रियों को राहत मिलेगी और क्षेत्र की आवाजाही पहले से अधिक सुगम होगी।
