मंडी,धर्मवीर-:भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत कुमार गौतम ने केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा की बात को दोहराते हुए प्रदेश सरकार पर जुबानी हमला बोला है।मंडी में पत्रकारों से बातचीत में दुष्यंत कुमार ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार केंद्र से मिल रही मदद का कोई हिसाब-किताब नहीं दे रही है।उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जब भी कोई मां-बाप अपने बच्चे को पैसे देते हैं तो उससे उसका हिसाब-किताब पूछते हैं कि उसे कहां खर्च किया।केंद्र सरकार भी प्रदेश सरकार से अब तक दिए गए पैसों का हिसाब पूछ रही है लेकिन प्रदेश सरकार उसका हिसाब नहीं दे रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक भारत श्रेष्ठ भारत की नीति पर काम कर रहे हैं।उनके लिए पूरा देश एक समान है। प्रदेश सरकार यहां क्या काम कर रही है इसका परिणाम हालही के नगर निगम चुनावों में देखने को मिल गया है।आने वाले समय में जनता परिवर्तन करने के लिए तैयार बैठी है।उन्होंने कहा कि उत्तराखंड पड़ोसी राज्य होने के साथ ही पहाड़ी राज्य भी है।वहां के सीएम बेहतरीन काम कर रहे हैं। लेकिन प्रदेश की सरकार यहां सुविधाएं दे पाने में पूरी तरह से नाकाम साबित हो रही है।इससे पहले उन्होंने विकसित भारत सम्मेलन में शिरकत की। दुष्यंत कुमार गौतम ने कहा कि 12 साल पहले देश को लुटेरों और सपेरों के नाम से जाना जाता था। राजीव गांधी खुद भ्रष्टाचार पर मोहर लगाते हुए कहते थे कि केंद्र से 100 रूपए भेजने पर लाभार्थी तक 15 रूपए ही पहुंचते हैं। बीते 12 वर्ष देश के लिए स्वर्णिम वर्ष साबित हुए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के सभी वर्गों के लिए योजनाएं चलाकर सर्वांगिण विकास को साबित किया है। आज विश्व भर में देश की एक अलग छवि उभर कर सामने आई है। 28 देशों ने अपना सर्वोच्च सम्मान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दिया है।देश ने आज चांद तक अपनी पहुंच बनाई है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री दीर्घायु हों और विकसित भारत के सपने की तरफ देश को अग्रसर करें,यही सभी देश वासियों की कामना है।
