अंबाला-:खेल और फिटनेस को बढ़ावा देने की दिशा में अंबाला मंडल ने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए अंबाला कैंट स्थित तरंग रेलवे स्टेडियम का उद्घाटन किया। स्टेडियम का शुभारंभ अंबाला मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (DRM) विनोद भाटिया ने किया। इस अवसर पर स्पोर्ट्स ऑफिसर एवं वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता (TRD) चंद्रकांत मूंगरे सहित मंडल के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।उद्घाटन समारोह के अवसर पर स्टेडियम में एक मैत्री क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। अंबाला और आसपास के क्षेत्रों के सबसे बड़े क्रिकेट मैदानों में शामिल इस स्टेडियम में खिलाड़ियों ने आधुनिक खेल सुविधाओं का अनुभव किया।
तरंग रेलवे स्टेडियम का निर्माण रेलवे कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों के लिए बेहतर खेल एवं फिटनेस सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया गया है।स्टेडियम के विकास और आधुनिक स्वरूप देने में इंजीनियरिंग तथा स्पोर्ट्स विभाग का महत्वपूर्ण योगदान रहा।स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय स्तर का क्रिकेट मैदान, इनडोर बैडमिंटन कोर्ट, बास्केटबॉल कोर्ट, टेनिस कोर्ट और बॉक्सिंग रिंग जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं,जिससे विभिन्न खेलों के खिलाड़ियों को एक ही परिसर में उच्चस्तरीय प्रशिक्षण और अभ्यास का अवसर मिलेगा।रेलवे प्रशासन के अनुसार,जल्द ही यह स्टेडियम रेलवे कर्मचारियों के साथ-साथ आम नागरिकों के लिए भी मैच और अन्य खेल गतिविधियों की बुकिंग हेतु उपलब्ध कराया जाएगा। इससे अंबाला क्षेत्र में खेल संस्कृति को नई गति मिलने की उम्मीद है।अंबाला मंडल का उद्देश्य खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों को उत्कृष्ट खेल सुविधाएं उपलब्ध कराकर स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करना है।
