करनाल-:करनाल के कुटेल हथियार बरामदगी मामले में गोल्डी बराड़ गैंग से जुड़े पांच आरोपियों का तीन दिन का पुलिस रिमांड पूरा हो गया है।आज सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा। वहीं मुठभेड़ में घायल छठा आरोपी अस्पताल में भर्ती है, जिसे स्वस्थ होने के बाद दोबारा रिमांड पर लिया जाएगा।पुलिस पूछताछ में दो और संदिग्धों के नाम सामने आए हैं, जिनकी तलाश में लगातार छापेमारी जारी है।
करनाल के गांव कुटेल के पास हथियार बरामदगी मामले में गिरफ्तार गोल्डी बराड़ गैंग से जुड़े पांच आरोपियों का पुलिस रिमांड समाप्त हो गया है।तीन दिन तक चली पूछताछ के दौरान पुलिस को कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं।अब सभी आरोपियों को शुक्रवार को अदालत में पेश किया जाएगा।संभावना है कि कोर्ट उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज सकती है।गौरतलब है कि 29 जून को सीआईए-1 की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर गांव कुटेल के पास नाकाबंदी कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से आठ अवैध पिस्तौल, 30 जिंदा कारतूस और एक सिलेरियो कार बरामद की गई थी। हालांकि कार्रवाई के दौरान गिरोह का सदस्य परमीत मौके से फरार हो गया था।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी कथित तौर पर पंजाब के चंदू फिरोजपुरिया और कलानौर निवासी अवतार सिंह की हत्या की साजिश रच रहे थे। रिमांड के दौरान जांच में दो अन्य संदिग्धों के नाम भी सामने आए हैं,जिनकी तलाश जारी है।फरार आरोपी परमीत को 1 जुलाई को तरावड़ी क्षेत्र में हुई मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी से बचने की कोशिश में हुई जवाबी कार्रवाई के दौरान उसके पैर में गोली लगी। फिलहाल उसका इलाज अस्पताल में चल रहा है।स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद उसे भी पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में सामने आए नए सुरागों के आधार पर लगातार दबिश दी जा रही है और पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने का प्रयास जारी है। जांच में आने वाले दिनों में और अहम खुलासे होने की उम्मीद है।
