शिमला-:भारत के उपराष्ट्रपति सी.पी.राधाकृष्णन के 10 जुलाई को प्रस्तावित शिमला दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।इसी क्रम में बुधवार को उपायुक्त अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक आयोजित कर विभिन्न व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।बैठक में उपराष्ट्रपति के दौरे को सुरक्षित,व्यवस्थित और प्रोटोकॉल के अनुरूप संपन्न कराने के लिए आवश्यक प्रबंधों पर विस्तार से चर्चा हुई। उपायुक्त ने सभी विभागों को समयबद्ध कार्ययोजना के अनुसार अपनी-अपनी जिम्मेदारियां तय समय में पूरी करने और आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।
हेलीकॉप्टर लैंडिंग स्थल की तैयारियों की समीक्षा करते हुए हेलीपैड पर सुरक्षा,बैरिकेडिंग,स्वच्छता,संचार व्यवस्था तथा सुरक्षित लैंडिंग और उड़ान सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।स्वास्थ्य विभाग को पर्याप्त चिकित्सा दल,एम्बुलेंस,चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती के साथ जीवन रक्षक दवाइयों और आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।अग्निशमन विभाग को हेलीपैड, कार्यक्रम स्थल और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर अग्निशमन वाहनों,उपकरणों तथा प्रशिक्षित कर्मचारियों की पर्याप्त तैनाती करने को कहा गया,ताकि किसी भी आपात स्थिति का तुरंत सामना किया जा सके।बैठक में सुरक्षा व्यवस्था,कानून-व्यवस्था, यातायात एवं पार्किंग प्रबंधन,वीवीआईपी रूट प्लान,विद्युत एवं पेयजल आपूर्ति,स्वच्छता,लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़कों के निरीक्षण और मरम्मत,संचार व्यवस्था,बिजली बैकअप,आपदा प्रबंधन तथा अन्य प्रोटोकॉल संबंधी तैयारियों की भी समीक्षा की गई।उपायुक्त अनुपम कश्यप ने कहा कि उपराष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे के दौरान सभी व्यवस्थाएं भारत सरकार और राज्य सरकार के निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप सुनिश्चित की जाएंगी। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त सचिन शर्मा,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मेहर पंवर,विभिन्न प्रशासनिक अधिकारियों सहित स्वास्थ्य,नगर निगम एवं अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
