गुरुग्राम-:गुरुग्राम पुलिस की क्राइम ब्रांच सेक्टर-31 ने भोंडसी इलाके के एक फार्महाउस पर छापेमारी कर हाईप्रोफाइल जुआ रैकेट का खुलासा किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान मुख्य संचालक समेत 18 लोगों को गिरफ्तार किया। मौके से कैसीनो संचालन में इस्तेमाल होने वाली बड़ी मात्रा में सामग्री भी बरामद की गई है। पुलिस का कहना है कि लंबे समय से इस अवैध गतिविधि की सूचना मिल रही थी, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 1,295 कैसीनो चिप्स, तीन गैंबलिंग टेबल और 260 ताश के पत्ते बरामद किए। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी कैसीनो चिप्स के जरिए नकदी के बदले दांव लगवाकर संगठित तरीके से जुआ संचालित कर रहे थे। पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी महेश उर्फ मैसी पर पहले से हत्या के प्रयास और मारपीट जैसे गंभीर मामलों में केस दर्ज हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में महेश उर्फ मैसी,नरेंद्र,कैलाश, मयंक, सुरेश,सौरव, दर्शन चौधरी, अंकित अदलक्खा, सुनील, मुकुल, दिनेश, विनीत तनेजा, सौरव चुघ, वैभव तायल, विशाल गांधी, विकास,बालगोपाल और कृष्ण तनेजा शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, इनमें से अधिकांश आरोपी पलवल के रहने वाले हैं और फरीदाबाद व आसपास के इलाकों में लगातार ठिकाने बदलकर जुआ रैकेट चलाते थे।पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक और तकनीकी जांच भी की जा रही है। साथ ही फार्महाउस के मालिक से पूछताछ की जा रही है कि परिसर किस उद्देश्य से किराए पर दिया गया था और क्या उसे इस गतिविधि की जानकारी थी।
