अम्बाला-:पत्रकारों और उनके परिवारों को आर्थिक एवं सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में मीडिया वेलबीइंग एसोसिएशन (एमडब्ल्यूबी) के प्रयास लगातार जारी हैं।इसी कड़ी में हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने चंडीगढ़ के दिवंगत पत्रकार राजेश जैन के बेटे अंकुश जैन को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।इसके अलावा यमुनानगर के पत्रकार गुलाब सिंह को भी 40 हजार रुपये की सहायता राशि का चेक सौंपा गया।इस अवसर पर अनिल विज ने एमडब्ल्यूबी द्वारा पत्रकारों और उनके परिवारों के लिए किए जा रहे कल्याणकारी कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता एक चुनौतीपूर्ण कार्य है और कई बार पत्रकारों को विपरीत एवं जोखिमपूर्ण परिस्थितियों में अपने दायित्व निभाने पड़ते हैं। ऐसे में आकस्मिक परिस्थितियों में पत्रकारों और उनके परिवारों को आर्थिक सहारा मिलना बेहद महत्वपूर्ण है।विज ने कहा कि एमडब्ल्यूबी जरूरत के समय पत्रकार परिवारों के साथ खड़े होकर सराहनीय कार्य कर रही है।संस्था द्वारा बीमा,स्वास्थ्य सुरक्षा और आर्थिक सहायता जैसी योजनाओं के माध्यम से पत्रकार समुदाय को सुरक्षा देने का प्रयास किया जा रहा है।
पांच वर्षों से निशुल्क बीमा सुविधा
एमडब्ल्यूबी अध्यक्ष चंद्रशेखर धरणी ने संस्था की गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि एसोसिएशन पत्रकारों से सदस्यता शुल्क नहीं लेती। पिछले पांच वर्षों से पत्रकारों को 10 लाख रुपये की दुर्घटना बीमा और 10 लाख रुपये की टर्म इंश्योरेंस पॉलिसी निशुल्क उपलब्ध करवाई जा रही है। इन पॉलिसियों का हर वर्ष संस्था द्वारा निशुल्क नवीनीकरण किया जाता है।उन्होंने बताया कि दुर्घटना या असामयिक मृत्यु की स्थिति में ये बीमा योजनाएं पत्रकारों और उनके परिवारों के लिए आर्थिक सुरक्षा का माध्यम बनती हैं। इसके अलावा पत्रकारों के लिए कैशलेस हेल्थ इंश्योरेंस की सुविधा भी उपलब्ध करवाई जा रही है।
अब तक 48 लाख रुपये से अधिक की सहायता
धरणी के अनुसार एमडब्ल्यूबी अब तक पत्रकारों और उनके परिवारों की सहायता पर करीब 48 लाख रुपये खर्च कर चुकी है। बीमारी से जूझ रहे पत्रकारों को आर्थिक मदद देने के साथ-साथ असामयिक मृत्यु की स्थिति में उनके परिवारों की सहायता भी की गई है। कई मामलों में सरकारी स्तर पर सहायता उपलब्ध करवाने के लिए भी संस्था ने प्रयास किए हैं।उन्होंने कहा कि भविष्य में संस्था के कार्यक्रमों में प्रतिवर्ष 50 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज कराने वाले सदस्यों को कैशलेस हेल्थ इंश्योरेंस सुविधा से जोड़ने की व्यवस्था की जा रही है।
कैमरामैनों को भी बीमा सुरक्षा
एमडब्ल्यूबी ने पत्रकारों के साथ फील्ड में काम करने वाले कैमरामैनों को भी अपनी सुरक्षा योजनाओं में शामिल किया है। चंडीगढ़ में कार्यरत कैमरामैनों को 10 लाख रुपये की दुर्घटना बीमा पॉलिसी उपलब्ध करवाने की पहल की गई है। इसके लिए वरिष्ठ पत्रकार संजय सिंह को कैमरामैन समिति का संयोजक बनाया गया है।
पत्रकारिता के साथ प्रतिभाओं का भी सम्मान
एमडब्ल्यूबी की ओर से पत्रकार कल्याण के साथ पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पत्रकारों को सम्मानित भी किया जाता है।संस्था द्वारा प्रतिवर्ष लाला जगत नारायण अवार्ड, पत्रकारिता रत्न अवार्ड और पत्रकारिता अलंकार अवार्ड प्रदान किए जाते हैं।इन सम्मानों के साथ आर्थिक राशि भी दी जाती है।इसके अलावा संस्था से जुड़े रहे दिवंगत पत्रकार ज्ञानेंद्र भरतरिया, रमेश शर्मा और ज्योति संग की स्मृति में उत्कृष्ट पत्रकारिता करने वाले पत्रकारों को उनके नाम से घोषित पुरस्कारों से सम्मानित किया जाता है।
हरियाणा की प्रतिभाओं को भी सम्मान
एमडब्ल्यूबी द्वारा पत्रकारों के अलावा शिक्षा,खेल,समाजसेवा, कला,संस्कृति और अन्य क्षेत्रों में हरियाणा का नाम रोशन करने वाली प्रतिभाओं को भी हरियाणा गौरव अवार्ड से सम्मानित किया जाता है।
