अम्बाला-:हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने अम्बाला छावनी के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में आयोजित जनसुनवाई के दौरान अधिकारियों को लापरवाही के मामलों में कड़े निर्देश दिए। चोरी के मामलों में एफआईआर दर्ज नहीं करने और कार्रवाई में देरी की शिकायतों पर उन्होंने हाउसिंग बोर्ड और तोपखाना पुलिस चौकी के प्रभारियों को सस्पेंड करने के निर्देश दिए।जनसुनवाई में बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। विज ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से मौके पर जवाब-तलब किया और शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
चोरी के मामलों में कार्रवाई नहीं होने पर सख्ती
स्टाफ रोड निवासी युवती ने शिकायत दी कि 9 सितंबर को उसके घर में चोरी हुई। शिकायत के अनुसार चोरों ने उसके पिता को नशीला पदार्थ देकर बेहोश किया और घर से करीब 20 तोले सोना तथा नकदी चोरी कर ली।युवती ने बताया कि पुलिस को शिकायत देने के बावजूद एफआईआर दर्ज नहीं की गई, जबकि उनके पास सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध है।जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधिकारियों से जवाब मांगने के बाद विज ने तोपखाना पुलिस चौकी प्रभारी को सस्पेंड करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्याप्त साक्ष्य उपलब्ध होने के बावजूद शिकायत पर कार्रवाई में देरी नहीं होनी चाहिए।
एक अन्य मामले में कच्चा बाजार निवासी पुजारी ने बताया कि मंदिर परिसर में उसके कमरे का ताला तोड़कर सामान चोरी कर लिया गया था। उसने 5 सितंबर को हाउसिंग बोर्ड पुलिस चौकी में शिकायत दी थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। मामले में जवाब-तलब के बाद विज ने चौकी प्रभारी के खिलाफ भी निलंबन के निर्देश दिए।
एक साल से ट्यूबवेल कनेक्शन लंबित, एसडीओ की जांच के आदेश
गांव नडियाली के एक किसान ने बताया कि उसके खेत का ट्यूबवेल कनेक्शन वर्ष 2025 में काट दिया गया था। इसके बाद उसने दोबारा कनेक्शन के लिए आवेदन किया, लेकिन करीब एक वर्ष बीत जाने के बाद भी कनेक्शन बहाल नहीं हुआ। किसान के अनुसार उसके ऊपर कोई बिजली बिल बकाया नहीं है और सिंचाई प्रभावित होने से खेती को नुकसान हुआ है।विज ने मामले को गंभीरता से लेते हुए चौड़मस्तपुर सब डिवीजन के एसडीओ के खिलाफ जांच के निर्देश अम्बाला के एसई को दिए। रामपुर सरसेहड़ी में इस्तेमाल में नहीं आ रहे ट्रांसफार्मर को हटाने में देरी की शिकायत पर भी उन्होंने जांच के निर्देश दिए।
विवाहिता की मौत की जांच के लिए एसआईटी
महेशनगर से आए लोगों ने विवाहिता की मौत के मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की। शिकायतकर्ताओं ने दावा किया कि मामले में हत्या का केस दर्ज किया गया है, जबकि उनकी ओर से इसे आत्महत्या का मामला बताया गया।विज ने मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित करने के निर्देश दिए और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने को कहा।
पेंशन शिकायतों पर समाज कल्याण विभाग को निर्देश
जनसुनवाई में बुजुर्गों और महिलाओं की पेंशन से जुड़ी कई शिकायतें भी सामने आईं। कुछ शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि वे कई बार विभागीय कार्यालयों के चक्कर लगा चुके हैं, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ।एक महिला ने बताया कि उसकी वृद्धावस्था पेंशन दिसंबर से बंद है और उसे बार-बार डाटा में सुधार का हवाला देकर वापस भेजा जा रहा है। महेशनगर की एक महिला ने नाम संबंधी गलती के कारण पेंशन नहीं मिलने की शिकायत की।विज ने जिला समाज कल्याण अधिकारी से फोन पर बात कर मामलों के शीघ्र निपटारे के निर्देश दिए। दीना की मंडी निवासी महिला की पेंशन संबंधी शिकायत पर भी विभाग को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बकाया बिजली बिलों की वसूली के निर्देश
जनसुनवाई में करीब एक लाख रुपये के बकाया बिजली बिल से जुड़ा मामला भी सामने आया। शिकायतकर्ता ने भुगतान के लिए अतिरिक्त समय मांगा। इस पर विज ने कहा कि बिजली का इस्तेमाल किया गया है तो उसका भुगतान भी करना होगा।उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बिल की अदायगी के निर्देश देने के साथ-साथ पूरे हरियाणा में निर्धारित अवधि से अधिक समय से लंबित बिजली बिलों की वसूली के लिए अभियान चलाने को कहा।
टांगरी बांध रोड की कॉलोनियों में चोरी पर पुलिस को फटकार
गणेश विहार सहित टांगरी बांध के आसपास की कॉलोनियों में चोरी की शिकायतें भी जनसुनवाई में पहुंचीं। विज ने महेशनगर थाना प्रभारी को मामलों में कार्रवाई करने और क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए।स्थानीय लोगों ने टांगरी बांध रोड पर स्ट्रीट लाइट नहीं होने की समस्या भी उठाई। इस पर नगर परिषद के ईओ को पोल लगाकर स्ट्रीट लाइट लगाने के निर्देश दिए गए।
साइबर फ्रॉड, जलभराव और अन्य शिकायतों पर भी कार्रवाई
जनसुनवाई में लालकुर्ती में डिस्पेंसरी बंद होने, शास्त्री कॉलोनी में 48 लाख रुपये के कथित साइबर फ्रॉड में शेष राशि की रिकवरी, हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में पानी निकासी, फुटबाल चौक के नाले में गंदगी डालने, लालकुर्ती में रास्ता बंद करने, शाहबाद में बिजली के पोल को शिफ्ट करने, तेपला में हाईटेंशन तारों को हटाने और एक कंपनी द्वारा 28 वर्ष बाद कर्मचारी को नौकरी से हटाने जैसी शिकायतें भी सामने आईं।विज ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रत्येक मामले में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
‘एक बार शिकायत आने के बाद समाधान होना चाहिए’
पत्रकारों से बातचीत में विज ने कहा कि जनसुनवाई में आने वाली शिकायतों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यदि किसी शिकायत का समाधान संभव नहीं है तो शिकायतकर्ता को पत्र के माध्यम से स्थिति की जानकारी दी जाए, ताकि उसे बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।उन्होंने कहा कि घटना होने के बाद एफआईआर दर्ज करने में देरी नहीं होनी चाहिए। पहले एफआईआर दर्ज कर जांच और आगे की कार्रवाई की जानी चाहिए।
