Mandi,Dharamveer(TSN)-एक लंबे इंतजार के बाद आखिरकार कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर मंडी जिले के झीड़ी क्षेत्र में फ्लाईओवर निर्माण को केंद्र सरकार ने मंजूरी दे दी है।इस परियोजना पर कुल 55 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने इसके लिए टेंडर प्रक्रिया भी आरंभ कर दी है।जानकारी कीरतपुर-मनाली फोरलेन परियोजना के निदेशक वरुण चारी ने दी।
वरुण चारी ने बताया कि मंडी जिले के डडौर और नागचला में भी फ्लाईओवर निर्माण के प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजे गए थे।हालांकि,फिलहाल केवल झीड़ी फ्लाईओवर को स्वीकृति मिली है।डडौर और नागचला के प्रस्तावों को लेकर भी शीघ्र सकारात्मक निर्णय की उम्मीद जताई गई है।गौरतलब है कि झीड़ी,डडौर और नागचला तीनों ऐसे स्थान हैं,जहां रोजाना भारी मात्रा में वाहन आवाजाही करते हैं।फ्लाईओवर की अनुपस्थिति के कारण यहां अक्सर दुर्घटनाएं और लंबे जाम लगते हैं,जिससे यात्रियों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।इन समस्याओं को दूर करने और सड़क सुरक्षा बढ़ाने के उद्देश्य से इन स्थलों पर फ्लाईओवर निर्माण की योजना बनाई गई है।
