Faridabad(TSN):ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के उपलक्ष्य में देशभर में हो रहे उत्सवों की श्रृंखला में,फरीदाबाद में भी सोमवार शाम को एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया।यह यात्रा बीके चौक से शुरू होकर एनआईटी पांच नंबर मार्केट तक गई।जनसहभागिता और देशभक्ति के जोश ने इस यात्रा को ऐतिहासिक बना दिया।हजारों की संख्या में नागरिक तिरंगा हाथों में लिए सड़कों पर उतरे और राष्ट्रप्रेम के नारों से वातावरण गूंज उठा।
सेना के शौर्य को समर्पित आयोजन
केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर,स्थानीय विधायकगण,पूर्व सैनिक,डॉक्टर्स,सामाजिक संस्थाएं,महिलाएं,युवा और बच्चे – सभी वर्गों के लोगों ने इस यात्रा में भाग लिया।इस अवसर पर गुर्जर ने कहा,”भारत की सेनाएं सिर्फ शस्त्र नहीं,संकल्प की प्रतीक हैं।ऑपरेशन सिंदूर ने एक बार फिर दिखा दिया कि भारत किसी भी खतरे से निपटने में पूरी तरह सक्षम है।”
सड़कें बनीं देशभक्ति का मंच
रैली के दौरान “भारत माता की जय”,”वंदे मातरम” और “जय हिंद” जैसे नारों से पूरा शहर गूंज उठा।लोग स्वतः इस यात्रा में शामिल होते गए और तिरंगा थामे भारत के पराक्रमी स्वरूप का अभिनंदन करते रहे।
जनता में दिखा गौरव और गर्व
यात्रा में शामिल रिटायर्ड आर्मी अधिकारियों ने भारतीय सेना की तैयारियों और पराक्रम पर गर्व जताते हुए कहा कि “भारत की तीनों सेनाएं हर मोर्चे पर दुश्मन को जवाब देने के लिए तैयार हैं।वहीं इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के डॉक्टरों और अन्य सामाजिक कार्यकर्ताओं ने इस आयोजन को एकता और राष्ट्रीय चेतना का प्रतीक बताया।
