Shimla,Sanju(TSN):हिमाचल प्रदेश शिक्षक प्राथमिक संघ बीते 21 दिनों से अपनी लंबित मांगों को लेकर क्रमिक अनशन पर बैठा है। अब इस आंदोलन को पड़ोसी राज्य हरियाणा से भी समर्थन प्राप्त हुआ है। हरियाणा प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष तरुण सुहाग ने एकजुटता का संदेश देते हुए कहा कि यदि हिमाचल के शिक्षक बड़ा आंदोलन छेड़ते हैं तो हरियाणा के शिक्षक भी उनके साथ कदम से कदम मिलाकर खड़े होंगे।
सरकार की चुप्पी पर नाराज़गी
हिमाचल शिक्षक प्राथमिक संघ के अध्यक्ष जगदीश शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार अब तक उनके मुद्दों पर न तो कोई स्पष्ट रुख अपना सकी है और न ही वार्ता की पहल की है। उन्होंने दोहराया कि जब तक शिक्षकों की जायज़ मांगों को पूरा नहीं किया जाता,तब तक अनशन जारी रहेगा। हालांकि उन्होंने यह भी जोड़ा कि अगर सरकार बातचीत के लिए बुलाती है तो वे सकारात्मक रुख के साथ उसमें शामिल होंगे।
संविधानिक और नैतिक अधिकारों की लड़ाई
हरियाणा शिक्षक संघ के अध्यक्ष तरुण सुहाग ने कहा कि यह आंदोलन शिक्षकों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए है।उन्होंने कहा,”हमारे हिमाचल के साथी शिक्षक अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं और उन्हें पूर्ण समर्थन देना हमारा नैतिक दायित्व है।”
