राहुल चावला,कांगड़ा-:आम आदमी पार्टी ने हिमाचल प्रदेश में अपने संगठन को मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाते हुए मंगलवार को जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र के चौगान स्थित कला मंच से ‘हिमाचल जोड़ो सदस्यता अभियान’ को आगे बढ़ाया। कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं हिमाचल प्रदेश प्रभारी ऋतुराज गोविंद झा, प्रदेश सह प्रभारी अजय राजपूत सहित प्रदेश, जिला और विधानसभा स्तर के कई पदाधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान लगभग 125 लोगों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
पत्रकारों से बातचीत में ऋतुराज गोविंद झा ने बताया कि सदस्यता अभियान की शुरुआत 2 अगस्त को मंडी जिले के द्रंग विधानसभा क्षेत्र से की गई थी।इसके बाद अब अभियान को कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र के जयसिंहपुर तक पहुंचाया गया है।उन्होंने कहा कि पार्टी प्रदेशभर में संगठन का विस्तार कर रही है और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतरेगी।उन्होंने राज्य सरकार पर चुनाव से पहले किए गए वादों को पूरा नहीं करने का आरोप लगाया। झा ने कहा कि महिलाओं को प्रतिमाह 1500 रुपये की सहायता, युवाओं को रोजगार, 300 यूनिट मुफ्त बिजली,किसानों से गोबर और दूध खरीदने की योजना तथा स्टार्टअप को बढ़ावा देने जैसे कई प्रमुख वादे अब तक धरातल पर नहीं उतर पाए हैं। उन्होंने प्रदेश में स्कूल बंद होने के मुद्दे को भी उठाते हुए सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए।इस अवसर पर उन्होंने पंजाब में आम आदमी पार्टी सरकार द्वारा लागू की गई योजनाओं का भी उल्लेख किया। उनके अनुसार वहां मुफ्त बिजली, मोहल्ला क्लीनिक, महिला सम्मान राशि, स्कूल ऑफ एमिनेंस, आउटसोर्स कर्मचारियों का नियमितीकरण, किसानों के लिए विभिन्न सुविधाएं, भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान, खेल परिसरों का निर्माण, मुफ्त कैशलेस इलाज और सड़क विकास जैसे कई कार्य सफलतापूर्वक किए गए हैं।ऋतुराज गोविंद झा ने विश्वास जताया कि हिमाचल प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है और आगामी विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को मजबूत विकल्प के रूप में देख रही है।
