कांगड़ा-:जिला कांगड़ा में विकास परियोजनाओं की जमीनी हकीकत परखने के लिए एशियन डेवलपमेंट बैंक यानी एडीबी की टीम बुधवार से दौरे पर आ रही है। प्रदेश के विभिन्न जिलों के प्रस्तावित दौरे की शुरुआत कांगड़ा से होगी। टीम एचपी शिवा प्रोजेक्ट के तहत स्थापित कलस्टर्स का निरीक्षण करेगी और जल शक्ति विभाग के अधिकारियों के साथ सिंचाई योजनाओं को लेकर अहम बैठक भी करेगी।
उद्यान विभाग द्वारा संचालित एचपी शिवा प्रोजेक्ट के तहत जिला कांगड़ा के विभिन्न ब्लॉकों में संतरा और अमरूद सहित कई फलों की उन्नत खेती की जा रही है। एडीबी टीम 15 अप्रैल को कांगड़ा पहुंचेगी और देहरा व पंचरुखी क्षेत्रों में स्थापित कलस्टर्स का निरीक्षण करेगी।टीम यह भी समीक्षा करेगी कि किन फलों की खेती की जा रही है और बागवानों को विभाग की ओर से क्या सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। इसके साथ ही टीम किसानों से सीधे संवाद कर प्रोजेक्ट की प्रगति का फीडबैक भी लेगी।
इस प्रोजेक्ट के तहत सिंचाई व्यवस्था का जिम्मा जल शक्ति विभाग संभाल रहा है, जिसके अंतर्गत करीब 32 सिंचाई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। एडीबी टीम इन योजनाओं को लेकर विभागीय अधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक भी करेगी।कांगड़ा के बाद टीम हमीरपुर, मंडी और सिरमौर जिलों का भी दौरा करेगी।
उपनिदेशक, उद्यान विभाग कांगड़ा, डॉ. अलक्ष
पठानिया ने बताया कि एडीबी टीम प्रोजेक्ट की प्रगति का जायजा लेने के साथ-साथ किसानों से सीधा फीडबैक भी लेगी, ताकि योजनाओं को और प्रभावी बनाया जा सके।
