Bilaspur,Subhash -जिले में आगामी मानसून के मद्देनज़र संभावित आपदाओं से निपटने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। बुधवार को जिला मुख्यालय स्थित बचत भवन में उपायुक्त राहुल कुमार की अध्यक्षता में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने निर्देश दिए कि सभी विभाग मिल-जुलकर कार्य करें और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहें। उन्होंने मानसून पूर्व किए गए प्रबंधों, राहत एवं बचाव कार्यों में प्रयुक्त होने वाले संसाधनों की उपलब्धता, त्वरित संचार व्यवस्था, और संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान पर विभागवार रिपोर्ट ली।विशेष निर्देश लोक निर्माण विभाग एवं जल शक्ति विभाग को दिए गए कि एसडीएमएफ परियोजनाओं को तय समय में और गुणवत्तापूर्वक पूरा किया जाए। इसके अलावा,नालों और जल निकासी मार्गों की सफाई समय रहते सुनिश्चित करने तथा बाढ़ पूर्व चेतावनी प्रणाली को सक्रिय रखने के आदेश भी दिए गए।प्रशासन ने इस बैठक के माध्यम से स्पष्ट संदेश दिया कि मानसून से पहले सभी तैयारियों को धरातल पर लाया जाए ताकि किसी भी स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
