Ludhiana-लुधियाना ज़िला कचहरी परिसर में हाल ही में वकीलों के बीच हुए विवाद के बाद मामला तूल पकड़ गया है। ज़िला बार एसोसिएशन ने इस मुद्दे को लेकर आज प्रेस कॉन्फ्रेंस की और यह साफ किया कि जब तक उनकी मांगे नहीं मानी जातीं,हड़ताल जारी रहेगी।
बार एसोसिएशन की मौजूदा अध्यक्ष ने बताया कि आज सेशन जज से बैठक भी की गई है और इसके बाद जनरल हाउस की बैठक बुलाकर अगला फैसला लिया जाएगा।उन्होंने बताया कि हमने अपनी तीन मुख्य मांगें रखी हैं:
विवाद में शामिल अधिकारियों का तत्काल सस्पेंशन
उनका ट्रांसफर
वकीलों के खिलाफ दर्ज केस को वापस लेना
एसोसिएशन ने यह भी कहा कि जिन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जा रही है, उन्हें पहले माफ़ी माँगनी होगी — तभी आगे किसी तरह की बातचीत की गुंजाइश बनेगी।
बार एसोसिएशन ने चेतावनी दी कि यदि मांगे नहीं मानी गईं तो यह हड़ताल स्टेट लेवल पर भी जारी रहेगी, जो फिलहाल पंजाब और हरियाणा में चल रही है। उन्होंने कहा कि अब यह केवल दो वकीलों का मामला नहीं रह गया, बल्कि यह सम्मान और प्रतिष्ठा का मुद्दा बन चुका है।
“अब यह मसला तभी खत्म होगा, जब हमारी शर्तों को पूरा किया जाएगा,” एसोसिएशन ने दो टूक कहा।
