कांगड़ा ,राहुल-:शनिवार सुबह कांगड़ा एयरपोर्ट पर उस समय सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं, जब एयरपोर्ट के वॉशरूम में एक लावारिस बैग मिलने की सूचना मिली। सुबह करीब 8:30 बजे बैग देखे जाने के बाद एयरपोर्ट प्रशासन ने बिना देर किए पूरे परिसर में सुरक्षा अलर्ट जारी कर दिया और यात्रियों व कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही बम निरोधक दस्ता और सुरक्षा टीम मौके पर पहुंची। एहतियात के तौर पर एयरपोर्ट के सभी संचालन अस्थायी रूप से रोक दिए गए। इस दौरान दिल्ली से आने वाली एक फ्लाइट को भी लैंडिंग से पहले रोक दिया गया, जिससे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा। सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके को घेरकर संदिग्ध बैग की गहन जांच की।करीब तीन घंटे तक चले इस सघन जांच अभियान के बाद स्थिति स्पष्ट हुई। जांच में पता चला कि बैग किसी संदिग्ध गतिविधि से जुड़ा नहीं था, बल्कि धर्मशाला के एक यात्री का था, जो जल्दबाजी में उसे वॉशरूम में ही भूल गया था। बैग के अंदर कोई भी आपत्तिजनक या खतरनाक वस्तु नहीं मिली।
स्थिति पूरी तरह सामान्य होने के बाद एयरपोर्ट प्रशासन ने राहत की सांस ली और उड़ान सेवाएं फिर से बहाल कर दी गईं। अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपने सामान का विशेष ध्यान रखें ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
