हमीरपुर,अरविंद-:बेटे की शादी करवाने का भरोसा देकर 1.35 लाख रुपये लेने और बाद में आनाकानी करने का मामला हमीरपुर सदर थाना पहुंचा है।बुरनाड़ निवासी प्रेम चंद की शिकायत पर पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।मामले में हमीरपुर शहर के एक युवक के भी आरोपी के साथ संपर्क में होने की जानकारी सामने आई है।पुलिस अब पूरे प्रकरण में पैसों के लेनदेन और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।पुलिस को दी शिकायत में प्रेम चंद ने बताया कि वह विवाह समारोहों में रसोइये का काम करते हैं। उनके साथ कांगड़ा जिले का एक व्यक्ति भी कई वर्षों से काम करता है।इसी जान-पहचान के चलते प्रेम चंद ने अपने छोटे बेटे की शादी करवाने के लिए उससे संपर्क किया। आरोप है कि उक्त व्यक्ति ने एक लड़की से रिश्ता करवाने का भरोसा दिलाया और बातचीत आगे बढ़ाने के नाम पर पहले 20 हजार रुपये लिए।
शिकायतकर्ता के अनुसार,इसके बाद सगाई के कपड़े खरीदने सहित अन्य खर्चों का हवाला देकर उससे लगातार पैसे लिए गए।इसी दौरान लड़की की मां के पेड़ से गिरकर घायल होने की बात कहकर इलाज के लिए भी रकम मांगी गई। इस तरह आरोपी ने कथित तौर पर कुल 1.35 लाख रुपये ले लिए। पैसे लेने के बाद न तो शादी की बातचीत आगे बढ़ी और न ही रकम वापस की गई। बार-बार मांग करने पर भी कथित तौर पर टालमटोल की जाती रही।अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हमीरपुर राजेश शर्मा ने बताया कि शिकायत के आधार पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है।पुलिस दूसरे पक्ष को बुलाकर उसका पक्ष भी जान रही है। साथ ही पैसों के लेनदेन और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।एएसपी ने लोगों से अपील की कि शादी के नाम पर होने वाली धोखाधड़ी से सतर्क रहें और किसी भी व्यक्ति को पैसे देने से पहले रिश्ते तथा संबंधित दावों की पूरी तरह से पुष्टि करें।
