अंबाला-:हरियाणा के अंबाला छावनी में एक बार फिर कई स्कूलों को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इस धमकी के बाद स्कूल प्रशासन में चिंता का माहौल है, वहीं पुलिस भी तुरंत हरकत में आकर जांच में जुट गई है।बताया जा रहा है कि अंबाला कैंट के कुछ स्कूलों को एक संदिग्ध ईमेल के जरिए धमकी भेजी गई। सूचना मिलते ही स्कूल प्रशासन ने बिना देर किए पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्कूल परिसर की गहन जांच की गई। फिलहाल जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है, लेकिन एहतियात के तौर पर स्कूलों को अलर्ट पर रखा गया है।
स्कूल प्रशासन ने बच्चों और अभिभावकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खास तौर पर पेरेंट्स से अपील की गई है कि वे बच्चों को किसी अनजान व्यक्ति के साथ न भेजें और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।
यह पहला मामला नहीं है, इससे पहले भी अंबाला और हरियाणा के अन्य जिलों में इस तरह की ईमेल धमकियां सामने आ चुकी हैं। हालांकि अब तक किसी भी मामले में कोई वास्तविक खतरा सामने नहीं आया, लेकिन प्रशासन इसे गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की जांच कर रहा है।स्कूल की प्रिंसिपल ने बताया कि उन्हें एक थ्रेट मेल प्राप्त हुई, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। फिर भी सुरक्षा को लेकर पूरी सतर्कता बरती जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, जैसे ही सूचना मिली, टीम तुरंत मौके पर पहुंची और ईमेल की जांच शुरू कर दी गई। साथ ही स्कूल परिसर की भी तलाशी ली गई और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।थाना सदर के SHO ने बताया कि पुलिस इस मामले को गंभीरता से ले रही है और हर एंगल से जांच जारी है। स्कूलों में पुलिस की मौजूदगी सुनिश्चित की गई है ताकि किसी भी तरह की स्थिति से निपटा जा सके।
