अम्बाला, 4 फरवरी-:अंबाला की ऐतिहासिक धरती पर आकार ले रहा कैबिनेट मंत्री अनिल विज का ड्रीम प्रोजेक्ट शहीदी स्मारक अब अपने अंतिम चरण में है। आज हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने अंबाला पहुंचकर शहीदी स्मारक का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्मारक में किए गए कार्यों को बारीकी से देखा और इसकी भव्यता की सराहना की।
रणबीर गंगवा ने कहा कि अंबाला वह ऐतिहासिक भूमि है जहां से 1857 की क्रांति की शुरुआत हुई थी और इस स्मारक में देश की आज़ादी के लिए शहीद हुए वीरों के बलिदान को बेहद सजीव रूप में दर्शाया गया है। उन्होंने संकेत दिए कि जल्द ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस शहीदी स्मारक का उद्घाटन कर सकते हैं।1857 की क्रांति पर आधारित अंबाला में बन रहे शहीदी स्मारक का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। आज इस स्मारक का जायजा लेने के लिए हरियाणा के कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा अंबाला पहुंचे।निरीक्षण के दौरान उन्होंने बताया कि पिछले छह वर्षों से शहीदी स्मारक पर लगातार काम चल रहा था, जो अब अंतिम चरण में है। यह स्मारक उन वीर सपूतों को समर्पित है जिन्होंने देश की आज़ादी के लिए अपने प्राणों की आहुति दी।उन्होंने कहा कि यह स्मारक न केवल एक ऐतिहासिक स्थल होगा बल्कि एक प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में भी विकसित किया गया है, जहां आने वाला हर व्यक्ति इतिहास से रूबरू होगा और देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत होगा।स्मारक में मल्टीमीडिया के माध्यम से विभिन्न भाषाओं में वीडियो प्रस्तुत किए गए हैं, ताकि देश-विदेश से आने वाले पर्यटक इसे आसानी से समझ सकें।उद्घाटन को लेकर उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आमंत्रण भेजा जा चुका है और उनके समय उपलब्ध होते ही स्मारक का उद्घाटन किया जाएगा।
