अंबाला (एकता): गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने चीन के हांगझोउ एशियाई खेलों में शूटिंग प्रतियोगिता में अंबाला के शूटर सरबजीत सिंह द्वारा स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई दी। बता दें कि सरबजीत सिंह ने अनिल विज का आशीर्वाद लिया। सूत्रों के मुताबिक उन्होंने हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अपने Voluntary Fund से 50 हजार रुपए देने की घोषणा की।

शूटर ने बताया कि वह गृह मंत्री के प्रयासों से अंबाला के सेंट्रल फीनिक्स क्लब में स्थापित शूटिंग रेंज में अभ्यास की बदौलत ही इस मुकाम तक पहुंचा है। गौरतलब है कि भारतीय शूटर सरबजीत सिंह ने एशियाई खेलों में 10 मीटर एयर पिस्टल का स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उन्होंने फाइनल में 237.8 अंक हासिल किए। सरबजीत क्वालिफिकेशन में 579 अंक के साथ शीर्ष पर रहे थे।

जानिए कैसे चढ़ा शूटिंग का शौक
सरबजीत सिंह ने अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए काफी मेहनत की। उसने अपना जुनून और जज्बा कम नहीं होने दिया। सरबजीत सिंह ने यू-ट्यूब देखकर शूटिंग की बारीकियों को जाना। दरअसल उसके मामा निशानेबाज थे। जब वह 6वीं कक्षा का छात्र था, तब उसे निशानेबाजी का शौक चढ़ा था। तब उसने यू-ट्यूब पर निशानेबाजी की तमाम जानकारियां हासिल कीं। आखिर एक दिन उसने निशानेबाजी में अपना करियर चुना। महज 18 साल की उम्र में सरबजीत ने देश ही नहीं विदेशों में जाकर पहचान बनाई। आईएसएसएफ वर्ल्ड शूटिग चैंपियनशिप में अचूक निशाने के साथ दूसरे देशों के खिलाड़ियों को मात दी। जर्मनी में उसने गोल्ड मेडल लेकर शान से तिरंगा लहराया। अब उसने 10 मीटर एयर पिस्टल में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 12 मेडल जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया। उसकी कामयाबी से परिवार में खुशी का माहौल बना हुआ है। गांव के लोग उन्हें बधाइयां देने आ रहे हैं।

