Ambala, 2 January-:जेजेपी प्रमुख अजय सिंह चौटाला के हालिया बयान पर हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। अजय चौटाला द्वारा शासकों को सड़कों पर घसीटकर पीटने जैसे बयान पर पलटवार करते हुए अनिल विज ने कहा कि इस तरह की भाषा लोकतंत्र में विश्वास की कमी को दर्शाती है। वहीं आईपीएल में शाहरुख खान की टीम केकेआर द्वारा बांग्लादेशी खिलाड़ियों को खरीदे जाने को लेकर भी अनिल विज ने कड़ी आपत्ति जताई है।
जेजेपी प्रमुख अजय सिंह चौटाला द्वारा दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने कहा कि उनके बयान से साफ प्रतीत होता है कि उन्हें न तो भारतीय लोकतंत्र पर भरोसा रहा है और न ही अपनी राजनीतिक पार्टी पर। उन्होंने कहा कि अजय चौटाला युवाओं को भड़काने का काम कर रहे हैं और यह दर्शाता है कि उन्होंने खुद अपने हाथ खड़े कर दिए हैं और अब दूसरों को उकसाने की कोशिश कर रहे हैं।
वहीं आईपीएल में शाहरुख खान की टीम कोलकाता नाइट राइडर्स द्वारा बांग्लादेशी खिलाड़ियों को खरीदे जाने पर प्रतिक्रिया देते हुए अनिल विज ने कहा कि बांग्लादेश में जिस तरह से रोज़ाना हिंदुओं पर अत्याचार की खबरें सामने आ रही हैं, ऐसे देश के साथ किसी भी प्रकार के संबंध नहीं रखने चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि वहां के खिलाड़ियों को खरीदा गया है तो इसका मतलब है कि अप्रत्यक्ष रूप से उन्हें आर्थिक सहायता दी गई है, जो कि पूरी तरह गलत है।
