Faridabad, 2 January-:कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र आज फरीदाबाद पहुंचे, जहां उन्होंने गैंगरेप की पीड़िता से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने हरियाणा की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए सरकार और प्रशासन को कटघरे में खड़ा किया। राव नरेंद्र ने ऐसे मामलों में फास्ट ट्रैक कोर्ट के तहत सुनवाई और पीड़िता को उचित मुआवजा दिए जाने की मांग की।
हरियाणा में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है
पीड़िता से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में राव नरेंद्र ने कहा कि हरियाणा में कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। उन्होंने फरीदाबाद की इस घटना को अमानवीय और जघन्य बताते हुए कहा कि अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि महिलाओं की सुरक्षा पूरी तरह खतरे में है।उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं की जितनी निंदा की जाए उतनी कम है और सरकार को कानून व्यवस्था को और सख्त बनाना चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।राव नरेंद्र ने मांग की कि दोषियों को तुरंत गिरफ्तार कर फास्ट ट्रैक कोर्ट में मामले की सुनवाई की जाए। इसके साथ ही उन्होंने पीड़िता को उचित मुआवजा देने और आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड लेने की भी मांग की।उन्होंने बताया कि पीड़िता की हालत गंभीर है और वह अभी बयान देने की स्थिति में नहीं है। उन्होंने प्रशासन से पीड़िता को बेहतर चिकित्सा सुविधा और सुरक्षा उपलब्ध कराने की भी अपील की।इस मौके पर फरीदाबाद जिला कांग्रेस अध्यक्ष बलजीत कौशिक, पृथला विधानसभा से कांग्रेस विधायक रघुवीर तेवतिया, एनआईटी विधानसभा से पूर्व विधायक नीरज शर्मा सहित जिले के कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे।
