अम्बाला/ 3 अप्रैल — हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने घोषणा की है कि अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर योजना के तहत अम्बाला छावनी सिविल अस्पताल की एकीकृत जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला को अपग्रेड किया जाएगा।इस परियोजना पर लगभग ढाई करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे, जिससे मरीजों को और अधिक उन्नत जांच सुविधाएं मिल सकेंगी।
मंत्री ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य आम जनता को माइक्रोबायोलॉजी, पैथोलॉजी और बायोकेमिस्ट्री से जुड़ी आधुनिक और सटीक जांच सेवाएं उपलब्ध कराना है। इससे अस्पताल में इलाज की गुणवत्ता और गति दोनों में सुधार होगा।इस संबंध में आज अस्पताल प्रशासन और नगर परिषद के अधिकारियों के बीच बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रयोगशाला के उन्नयन और नए टेस्ट जोड़ने पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में अस्पताल की पीएमओ डॉ. पूजा सहित अन्य विशेषज्ञ डॉक्टर भी मौजूद रहे।गौरतलब है कि अम्बाला छावनी सिविल अस्पताल में पहले से ही 124 प्रकार के टेस्ट निशुल्क उपलब्ध हैं। अब इस अपग्रेड के बाद मरीजों को और अधिक उन्नत और विशेष जांच सुविधाएं भी बिना अतिरिक्त खर्च के मिलने की संभावना है।मंत्री अनिल विज ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि लोगों को अपने शहर में ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलें, ताकि उन्हें बड़े शहरों की ओर न जाना पड़े।
