अंबाला-:हरियाणा विधानसभा सत्र के दौरान मुख्यमंत्री की पगड़ी और पहनावे को लेकर विधायक आदित्य देवीलाल चौटाला की टिप्पणी अब सियासी विवाद का मुद्दा बन गई है। पूर्व मंत्री असीम गोयल ने आदित्य चौटाला पर निशाना साधते हुए कहा कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन भाषा और मर्यादा का ध्यान रखना जरूरी है। उन्होंने कहा कि पगड़ी केवल पहनावा नहीं, बल्कि हरियाणा की आन-बान और सम्मान का प्रतीक है। असीम गोयल ने आरोप लगाया कि विपक्षी नेता राजनीतिक अस्तित्व बनाए रखने के लिए लगातार विवादित बयान दे रहे हैं।
हरियाणा विधानसभा के सत्र के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का एक वीडियो सामने आने के बाद सियासत गरमा गई है। वीडियो में एक पुलिस कर्मचारी के साथ कथित तौर पर धक्का-मुक्की या कोहनी मारने की घटना को लेकर पूर्व मंत्री असीम गोयल ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी के साथ इस तरह का व्यवहार दुर्भाग्यपूर्ण है। असीम गोयल ने कहा कि लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहे भूपेंद्र सिंह हुड्डा से सार्वजनिक जीवन में अधिक संयम और मर्यादा की अपेक्षा की जाती है। उन्होंने कांग्रेस पर लोकतांत्रिक संस्थाओं के सम्मान को लेकर सवाल खड़े किए और कहा कि जनता सब कुछ देख रही है।
नेपाल बाढ़ त्रासदी पर असीम गोयल ने जताया दुख
नेपाल में आई भीषण बाढ़ और प्राकृतिक आपदा पर पूर्व मंत्री असीम गोयल ने शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में भारत ने एक जिम्मेदार पड़ोसी के तौर पर नेपाल की मदद के लिए तुरंत कदम उठाए हैं। असीम गोयल ने कहा कि आपदा से बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हुए हैं और कई परिवारों ने अपनों को खोया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि भारत हमेशा से वसुधैव कुटुंबकम की भावना के साथ जरूरतमंद देशों की सहायता के लिए आगे आता रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भारत आगे भी नेपाल को हर संभव मानवीय सहायता उपलब्ध कराता रहेगा।
