Ambala,7 August-आज से अंबाला के प्राइवेट अस्पतालों में आयुष्मान भारत योजना के तहत इलाज पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) के आह्वान पर यह फैसला लिया गया है, जिससे आम जनता खासकर आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
2018 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई इस योजना के तहत जरूरतमंदों को 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज उपलब्ध कराया जाता था। लेकिन अब अस्पतालों ने बकाया भुगतान न मिलने के कारण इस सेवा को रोकने का निर्णय लिया है।
अंबाला IMA के डॉ. सरवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि अस्पतालों को लंबे समय से योजना के तहत किए गए इलाज का भुगतान नहीं मिला है। उन्होंने कहा, “किसी भी मरीज के इलाज में तत्काल खर्च करना पड़ता है – चाहे वह एनेस्थीसिया विशेषज्ञ की फीस हो, बिजली का बिल या अन्य जरूरी संसाधनों का खर्च। लेकिन भुगतान समय पर न मिलने के चलते अस्पतालों को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है।”IMA ने साफ किया है कि जब तक सरकार बकाया राशि का समाधान नहीं करती, तब तक आयुष्मान योजना के तहत कोई इलाज नहीं किया जाएगा।
