Shimla,7 May(TSN)-भाजपा विधायक सुधीर शर्मा ने सेना की पाकिस्तान में की गई कार्रवाई की सराहना करते हुए इसे पहलगाम आतंकी हमले का सटीक बदला बताया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए कहा कि देश आज उनके मजबूत फैसलों के कारण सुरक्षित है।
सुधीर शर्मा ने कहा कि 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में कई निर्दोष नागरिकों की निर्मम हत्या हुई थी,जिससे पूरे देश में आक्रोश था।इस हमले के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने सऊदी अरब का अपना दौरा तत्काल रद्द कर सुरक्षा स्थिति पर उच्चस्तरीय बैठक की और सेना को खुली छूट दी कि वह आतंकियों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करे।उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने बिहार की एक जनसभा में स्पष्ट कहा था कि “जहां भी आतंकी छुपे होंगे, उन्हें मिट्टी में मिला दिया जाएगा” — और आज सेना ने पाकिस्तान के अंदर घुसकर 9 आतंकी ठिकानों को नष्ट कर वही कर दिखाया है।भाजपा विधायक ने बताया कि इन ठिकानों पर आतंकियों को ट्रेनिंग दी जा रही थी और इन्हें आतंक की फैक्ट्री के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था। उन्होंने कहा कि विपक्ष भले ही सवाल उठाता रहा हो,लेकिन केंद्र सरकार के मजबूत नेतृत्व और सेना की वीरता ने देश को एक बार फिर गौरवान्वित किया है।
