धर्मशाला, राहुल चावला (TSN)-मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के धर्मशाला के दाड़ी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं व सेन्टर युनिवर्सिटी समिति सदस्यों ने खूब हंगामा किया। भाजपा कार्यकर्ता सीएम के सभा स्थल पर जाने के लिए अड़े रहे, जिन्हें पुलिस के जवानों ने सड़क पर ही रोक दिया। इसके बाद भाजपा के कुछ कार्यकर्ता सभा स्थल पर भी पहुंच गए। सभा स्थल पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने सीएम के खिलाफ नारेबाजी की और वहीं पर धरने पर बैठ गए।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने खूब हंगामा किया
भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप था कि धर्मशाला के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है और केंद्रीय यूनिवर्सिटी के लिए दिए जाने वाले 30 करोड़ रुपये जारी नहीं किये जा रहे हैं।भाजपा के इस प्रदर्शन के कारण सड़क पर भी लंबा जाम देखने को मिला।धर्मशाला के दाड़ी में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सीयू के 30 करोड़ जमा करवाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। इस दाैरान मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू को ज्ञापन साैंपने की भी योजना थी, लेकिन सीएम का काफिला दूसरे रास्ते से आगे निकल गया।भाजपा का आरोप है कि केंद्रीय विवि के परिसर का काम केवल हिमाचल सरकार के 30 करोड़ रुपये न देने के कारण रुका हुआ है।दूसरे परिसर के लिए देहरा में पैसा दे दिया,परिसर बन रहा है। धर्मशाला के लिए प्रदेश की ओर से 30 करोड़ रुपये न देने के कारण भारत सरकार से आए हुए 300 करोड़ रुपये भी खर्च नहीं हो रहे हैं ।
