करनाल,राकेश कुमार शर्मा-:करनाल के औंगद गांव में आयोजित राजपूत क्षत्रिय कुलभूषण पृथ्वीराज चौहान जयंती एवं मूर्ति अनावरण समारोह में पहुंचे भाजपा नेता एवं पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने कांग्रेस और विपक्ष पर तीखा राजनीतिक हमला बोला।मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि जब तक राहुल गांधी विपक्ष की राजनीति का नेतृत्व कर रहे हैं,तब तक भारतीय जनता पार्टी को किसी तरह की चिंता करने की जरूरत नहीं है।
पूर्व सांसद ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी लगातार ऐसे मुद्दों को प्रमुखता देते हैं,जिनसे अंततः भाजपा को राजनीतिक लाभ मिलता है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार को घेरने की कोशिश करती है,लेकिन कई बार वही रणनीति भाजपा के पक्ष में माहौल तैयार कर देती है।राहुल गांधी के सलाहकारों पर भी कटाक्ष करते हुए बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि उन्हें ऐसी सलाह दी जा रही है, जिससे कांग्रेस को नुकसान और भाजपा को फायदा हो रहा है। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि ऐसा प्रतीत होता है जैसे उनके सलाहकार भाजपा के हित में काम कर रहे हों।औंगद गांव में आयोजित पृथ्वीराज चौहान जयंती एवं मूर्ति अनावरण समारोह में बड़ी संख्या में राजपूत समाज के लोग,स्थानीय नागरिक और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। सामाजिक आयोजन के साथ-साथ कार्यक्रम राजनीतिक चर्चाओं का भी केंद्र बना रहा, जहां विभिन्न समसामयिक मुद्दों पर भी चर्चा हुई।
