Chamba,Manjur Pathan-हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले का लोकप्रिय पर्यटन स्थल साच पास एक बार फिर सुर्खियों में है। बरसात के मौसम को देखते हुए चुराह प्रशासन ने पर्यटकों के लिए विशेष दिशा निर्देश जारी किए हैं।प्रशासन का कहना है कि भारी बारिश के चलते साच पास का रास्ता अक्सर बंद हो जाता है, ऐसे में पर्यटकों को असुविधा और खतरे से बचाने के लिए यह कदम उठाया गया है।
चुराह प्रशासन ने पर्यटकों से अपील की है कि वे बरसात के मौसम में साच पास की यात्रा से परहेज करें। प्रशासन ने बॉर्डर पुलिस को भी सूचित किया है कि केवल मौसम साफ होने पर ही पर्यटकों को आगे बढ़ने की अनुमति दें। बता दें कि साच पास के कई हिस्सों में मोबाइल नेटवर्क भी उपलब्ध नहीं है, जिससे खराब मौसम में परेशानी और बढ़ सकती है।
चुराह उपमंडल के कार्यकारी एसडीएम आशीष ठाकुर ने मीडिया से बातचीत में बताया कि आगामी दो से तीन महीने तक भारी वर्षा की संभावना है। इस स्थिति में डीसी और एसपी द्वारा बॉर्डर पुलिस को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे मौसम के आधार पर ही यात्रियों को पास से आगे जाने दें। पर्यटकों की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है और इसी के तहत यह दिशा निर्देश जारी किए गए हैं।
