Mandi,Dharamveer-तीन दिन से बंद पड़ा चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे आखिरकार बुधवार शाम दवाड़ा के पास आंशिक रूप से यातायात के लिए बहाल कर दिया गया। हालांकि हाईवे पर अभी केवल एकतरफा यातायात की अनुमति दी गई है और वाहनों की आवाजाही पुलिस की निगरानी में करवाई जा रही है।
रविवार रात भूमि कटाव और ब्यास नदी के तेज बहाव के कारण हाईवे का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था। सोमवार को इसे कुछ समय के लिए खोला गया था, लेकिन शाम को फिर से बंद करना पड़ा। भारी बारिश से नदी का पानी सड़क पर आ गया था और जगह-जगह बड़े गड्ढे भी बन गए थे।बुधवार सुबह मौसम साफ होने पर एनएचएआई की टीम ने बहाली का काम शुरू किया। दवाड़ा फ्लाईओवर के नीचे पड़े गड्ढों को मिट्टी-पत्थरों से भरा गया और जहां भूमि कटाव हुआ था, वहां वैकल्पिक मार्ग तैयार किया गया। शाम करीब पांच बजे हाईवे पर एकतरफा यातायात शुरू कर दिया गया।लंबे समय से फंसे वाहन चालक और यात्री हाईवे खुलने के बाद राहत की सांस ले पाए। हालांकि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल यह केवल अस्थाई बहाली है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि अत्यावश्यक होने पर ही इस मार्ग का प्रयोग करें, क्योंकि खराब मौसम में यातायात दोबारा बाधित हो सकता है.
