Una,14 August-लगातार कई घंटे से हो रही बारिश ने ऊना जिला मुख्यालय और फ्रेंड्स कॉलोनी के पास तबाही मचा दी।जलभराव के कारण बरसाती पानी कई घरों में घुस गया,जिससे लोगों को भारी नुकसान झेलना पड़ा।गुस्साए लोगों ने चंडीगढ़-धर्मशाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रैक्टर खड़ा कर जाम लगा दिया।
काफी देर तक चले जाम के चलते यातायात व्यवस्था चरमरा गई।मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों ने पहले शांतिपूर्वक समझाने की कोशिश की,लेकिन प्रदर्शनकारियों के न मानने पर पुलिस बल की मदद से जाम खुलवाया गया।नगर निगम ऊना के कमिश्नर महेंद्र पाल गुर्जर ने कड़ी मशक्कत के बाद यातायात बहाल कराया।
जिला प्रशासन के अनुसार नाले में पानी की निकासी अवरुद्ध होने के कारण स्थिति बिगड़ी। नाले में गिरे पेड़ और कुछ भूमि विवाद के चलते पानी का बहाव रुक गया था।फिलहाल जेसीबी की मदद से नाले की सफाई कर पानी निकासी सुनिश्चित की गई है।
पूर्व विधायक सतपाल रायज़ादा ने आरोप लगाया कि वार्ड नंबर 1 में एक व्यक्ति द्वारा अपने घर के आगे पक्का निर्माण कर नाले का रास्ता बंद कर दिया गया,जिससे आसपास के घरों में पानी घुसा और लोगों का नुकसान हुआ।स्थानीय लोगों ने जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है।
