मंडी : धर्मवीर ( TSN)- श्रावण मास शुरू होते ही छोटी काशी मंडी बाबा भोलेनाथ के जयकारों से गुंजायमान हो गई है। ब्यास नदी के तट बने प्राचीन एकादश रुद्र मंदिर में दशकों पुरानी अखंड जाप की परंपरा शुरू हो गई है। एडीसी मंडी रोहित राठौर ने अखंड ज्योति जलाकर इस अखंड जाप का शुभारंभ किया। एकादश रुद्र मंदिर में एक माह तक लगातार 24 घंटे दिन रात यह जाप चलता रहता है। भगवान भोलेनाथ के भक्त अपने तय समय के अनुसार मंदिर में पहुंचकर एक-एक घंटे तक गद्दी पर बैठकर ओम नमः शिवाय का जाप करते हैं।
मंदिर में इस बार मनाया जा रहा 45वां अखंड जाप
मंदिर के पुजारी स्वामी सत सुंदरम ने बताया कि मंदिर में इस बार 45वें अखंड जाप का आयोजन किया जा रहा है। एक माह तक यह जाप चलता है और इस दौरान मंदिर में रोजाना श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का भी आयोजन किया जाता है।मंदिर में जाप करने आए श्रद्धालु स्थानीय निवासी रमेश कुमार ने बताया कि पिछले 16 सालों से मंदिर में सुबह 4 बजे से 5 बजे तक ओम नमः शिवाय का जाप करते हैं। जिसके लिए वे सुबह 3 बजे उठकर तैयारी शुरू कर देते हैं। वहीं सीता मल्होत्रा ने बताया कि वे पिछले 20 सालों से इस मंदिर में आ रही हैं और 15 सालों से अखंड जाप भी कर रही हैं।
बता दें कि मंडी शहर को छोटी काशी के नाम से भी जाना जाता है। यहां 80 के करीब छोटे बड़े मंदिर हैं, जिनमें अधिक मंदिर बाबा भोलेनाथ के हैं। बाबा भोले की इस नगरी के अन्य मंदिरों में भी श्रावण मास शुरू होते ही भगवान भोलेनाथ की महिमाओं का गुणगान शुरू हो गया है। बाबा भूतनाथ मंदिर में श्रावण मास के शुभारंभ पर धर्म संघ श्री भूतनाथ मंदिर मंडी के द्वारा विश्व कल्याण एवं जन शांति हेतु हवन यज्ञ एवं रुद्राभिषेक अनुष्ठान का आयोजन किया गया।
