Haryana,30July-हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने लाडवा विधानसभा के तहत आने वाले गांव डगाली, डीग, बीड कालवा और धनानी में करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की घोषणाएं करते हुए प्रदेशवासियों को कई नई सौगातें दीं। उन्होंने कहा कि सरकार जल्द ही अंत्योदय परिवारों में शामिल एक लाख भूमिहीन परिवारों को 100-100 गज के प्लॉट और उसके स्वामित्व दस्तावेज उपलब्ध कराएगी।इसके अगले चरण में एक लाख और लाभार्थियों का चयन किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य के 10 जिलों के सरकारी अस्पतालों को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर दिया गया है और 15 अगस्त से इन अस्पतालों में हर प्रकार की बीमारी का उपचार शुरू कर दिया जाएगा,जिससे आमजन को किफायती और बेहतर इलाज मिल सकेगा।बुधवार को अपने धन्यवादी दौरे के तहत उन्होंने गांव डगाली में पेयजल पाइपलाइन के लिए 55.41 लाख रुपये,बीड कालवा में 52.64 लाख रुपये, धनानी में 27.15 लाख रुपये की विकास योजनाओं की घोषणा की।इसके साथ ही गांव डीग में 6.38 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का शिलान्यास भी किया।
मुख्यमंत्री ने सभी गांवों के लिए 21-21 लाख रुपये की विकास राशि देने का ऐलान किया और सरपंचों द्वारा सौंपे गए मांग पत्रों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने यह भी कहा कि पंचायती भूमि पर 20 वर्षों से अधिक समय से रह रहे लोगों को अब 500 वर्ग गज तक भूमि की रजिस्ट्री करवाने की सुविधा मिलेगी।
