शिमला/संजू-:पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य राम मंदिर का निर्माण करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था,लंबे सामाजिक संघर्ष और संवैधानिक प्रक्रिया का परिणाम है।उन्होंने कहा कि वर्षों से जिस मंदिर निर्माण की मांग की जा रही थी,वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरी हुई।उनके अनुसार यह केवल एक धार्मिक स्थल का निर्माण नहीं, बल्कि देश की सांस्कृतिक विरासत और जनभावनाओं के सम्मान का प्रतीक भी है।
शिमला में जारी बयान में अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के कई नेताओं ने अतीत में भगवान श्रीराम,रामसेतु और राम जन्मभूमि से जुड़े विषयों पर सवाल उठाए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि अब जब अयोध्या में भव्य मंदिर बन चुका है और देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं, तब कांग्रेस इस मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को धार्मिक आस्था से जुड़े विषयों पर विवाद खड़ा करने के बजाय लोगों की भावनाओं का सम्मान करना चाहिए।अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस से अपने शासनकाल के दौरान सामने आए कथित भ्रष्टाचार के मामलों पर जवाब देने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि नेशनल हेराल्ड, 2जी स्पेक्ट्रम, कॉमनवेल्थ गेम्स, कोयला आवंटन, अगस्ता वेस्टलैंड हेलीकॉप्टर और आदर्श हाउसिंग सोसाइटी जैसे मामलों को लेकर कांग्रेस की भूमिका पर समय-समय पर सवाल उठते रहे हैं।उनके अनुसार कांग्रेस को इन मुद्दों पर अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए,बजाय इसके कि वह राम मंदिर जैसे विषय पर राजनीति करे।उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण,विकास और राष्ट्रहित को प्राथमिकता देने के लिए प्रतिबद्ध है।ठाकुर ने दावा किया कि जनता अब राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बजाय विकास,सुशासन और ठोस कार्यों के आधार पर निर्णय ले रही है तथा देश विकास और सांस्कृतिक गौरव की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
